अंबिकापुर। विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के लिए सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार अब स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि विद्यालय परिसर में ही शिविर लगाकर उन्हें जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी क्रम में उदयपुर एसडीएम बनसिंह नेताम के मार्गदर्शन में तहसील उदयपुर अंतर्गत पूर्व माध्यमिक शाला घाटबर्रा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाला के पात्र छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें मौके पर ही नि:शुल्क जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए विद्यालय स्तर पर ही राजस्व दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। शनिवार को आयोजित शिविर के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में तैयार प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। एसडीएम बनसिंह नेताम ने बताया कि विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों का चयन करके उनके आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन मौके पर ही किया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर प्रमाणपत्र उपलब्ध होने से अब छात्रों और उनके अभिभावकों को तहसील कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है। प्रमाण पत्र वितरण के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं राजस्व अमला उपस्थित रहा।

Spread the love