कोतवाली टीआई ने कोटवारों की बैठक लेकर कहा-अपराधिक गतिविधियों को पुलिस से करें साझा

अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में जिले के पुलिस थाना और चौकी में कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना में आयोजित सम्मेलन में कोटवारों को ग्रामीण क्षेत्रों की सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया। कोटवारों को ग्राम सुरक्षा के संबंध में पहल के लिए आवश्यक टिप्स दिए गए।
पुलिस एवं कोटवार के मध्य आपसी समन्वय बनाए रखने और अवैध गतिविधियों की सूचना थाना, चौकी में पहुंचाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा प्रति माह कोटवार सम्मलेन का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही पुलिस की ग्राम स्तर पर पकड़ मजबूत करने एवं सूचना तंत्र को विकसित करने के उद्देश्य से सभी थाना, चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में कोटवार सम्मेलन का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हंै। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवारों का थाना परिसर में सम्मलेन आयोजित किया गया। सम्मलेन के दौरान ग्राम कोटवारों कों ग्राम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की समझाइस दी गई। कोटवारों के सहायता से ग्राम स्तर पर आपराधिक गतिविधियों मे संलिप्त व्यक्तियों की सूचना थाना में प्रदान करने संबंधी विशेष दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा ने कोटवारों से प्रत्येक ग्राम की बारीकी से जानकारी प्राप्त की, साथ ही ग्राम स्तर पर आपराधिक एवं अन्य गतिविधियों में शामिल लोगों, गुंडा बदमाशों एवं निगरानी बदमाशों के गांव में गुजर-बसर की जानकारी ली गई। बैठक के दौरान कोटवारों को निरंतर संपर्क में बने रहने के साथ ही ग्राम स्तर पर किसी भी बड़े विवाद, झगड़े, दुर्घटना एवं जमीन विवाद की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस टीम से साझा करने कहा गया। बैठक में ग्राम कोटवारों से साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों पर भी चर्चा की गई। इन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल्स और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसी साइबर चुनौतियों के बारे में बताया गया, साथ ही उन्हें गांव के लोगों को इन खतरों से सतर्क करने और साइबर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

Spread the love