दो माह पूर्व ही ग्राम पंचायत त्रिपुरी के सरपंच ने व्हाट्सअप में दी थी खेती की सूचना

अंबिकापुर/बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरनाटोली में मंगलवार 10 मार्च को अफीम की खेती का पर्दाफास होने के बाद जिला और पुलिस प्रशासन सजग है। ग्रामीणों के माध्यम से मिली सूचना के बाद पुलिस व प्रशासन की टीम के द्वारा अग्रिम कार्रवाई करते हुए खेत में काम कर रहे 5 लोगों को हिरासत में लेने की खबर है, सभी झारखंड निवासी बताए जा रहे हैं। इनसे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जशपुर जिले के ग्राम पंचायत राझाडीपा के पूर्व सरपंच की निगरानी में झारखंड का एक व्यक्ति खेती करवा रहा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अफीम के पौधों को उखड़वाया है, और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। इधर त्रिपुरी ग्राम पंचायत के सरपंच फेकुंदर नाग ने मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने लाया है कि उसने जनवरी में ही अफीम के खेती की सूचना व्हाट्सअप पर फोटो सहित कुसमी पुलिस को दी थी, लेकिन कार्रवाई सिफर रही। दुर्ग जिले में जब अफीम के कारोबार पर भाजपा नेता की गिरफ्तारी का मामला सामने आया, तो जिम्मेदारों के कान खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के सरनाटोली निवासी रूपदेव भगत पिता ठाकुर राम व कौशिल भगत पिता रुंगु के करीब तीन एकड़ से अधिक जमीन को झारखंड का एक व्यक्ति, जशपुर जिले के राझाडीपा पंचायत के पूर्व सरपंच जिरमल राम के जरिए लीज पर फूलों की खेती करने के नाम पर लिया था और अवैध तरीके से अफीम की खेती करा रहा था। खेती वाला यह इलाका झारखंड व जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र से लगा हुआ है। खेती कराने वाला व्यक्ति मौके पर नहीं आता था। अफीम की खेती की निगरानी पूर्व सरपंच जिरमल राम ही करता था। खेती व अफीम के पौधों की देखभाल के लिए झारखंड से लोगों को भी बुलाया गया था। अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद मंगलवार की सुबह कुसमी, शंकरगढ़, सामरी व जशपुर जिले के आस्ता थाने की पुलिस तथा कुसमी एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, एसडीओपी आशीष कुंजाम, टीआई विरासत कुजूर व तहसीलदार राकी इक्का दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची एनसीबी की टीम ने मजदूर लगाकर अफीम के पौधे उखड़वाए। पौधे से भारी मात्रा में डोडा भी जब्त किया गया है। त्रिपुरी पंचायत के सरपंच की पूर्व की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया होता तो यह मामला पहले ही उजागर हो गया होता। बहरहाल कार्रवाई जारी है, जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कांग्रेस ने कहा-भाजपा के सुशासन की पोल खुली
अफीम की खेती के मामले में कांग्रेस ने जांच टीम का गठन किया है। जांच के संयोजक पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम और भानु प्रताप सिंह हंै। उन्होंने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर में अफीम की खेती का मामला भाजपा के सुशासन की पोल खोल रहा है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Spread the love