350 से अधिक ग्रामीणों का हुआ परीक्षण, हृदय रोग के दो गंभीर मरीज रेफर

अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, अंबिकापुर द्वारा विकासखंड लुण्ड्रा के ग्राम नागम में आयोजित प्रथम मेगा हेल्थ कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में 350 से अधिक लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया गया।
शिविर के दौरान हृदय रोग के दो गंभीर मरीज चिन्हित किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा तत्काल परीक्षण उपरांत उन्हें उच्च स्तरीय उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। संबंधित मरीजों की आगे की जांच एवं संभावित शल्य चिकित्सा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। चर्म रोग विभाग में सर्वाधिक भीड़ देखने को मिली। डॉ. पी.के. सिन्हा एवं उनकी टीम ने बड़ी संख्या में मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी परामर्श दिया और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। विधायक प्रबोध मिंज ने शिविर का निरीक्षण किया और इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पहुंच स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या, सीएमएचओ डॉ. मार्को सहित अन्य सीनियर चिकित्सक भी उपस्थित रहे। शिविर में अस्थि रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र, नाक-कान-गला, सर्जरी एवं दंत रोग विभागों के परामर्श काउंटर लगाए गए थे। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकीय दल एवं सहायक स्टाफ बस एवं एम्बुलेंस से  प्रात: 9 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर ग्राम नागम पहुंचे थे। शिविर के समन्वयक के रूप में डॉ. संतू बाघ, डॉ. नवनीत दुबे एवं छोटेलाल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने की बात कही है।  

Spread the love