भावभीनी विदाई के बीच सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके योगदान को सराहा

अंबिकापुर। जल संसाधन संभाग क्रमांक 1, अंबिकापुर में सहायक ग्रेड-2 के रूप में कार्यरत अशोक कुमार सोनी शनिवार, 28 फरवरी को अपनी सेवा से निवृत्त हो गए। इनके सेवानिवृत्ति पर विभाग ने समारोह आयोजित किया, जिसमें विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। अशोक कुमार सोनी को लंबे और समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया गया। सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल के दौरान शासन के कार्यों को बखूबी निभाए। काम को पूजा मानकर सदा तत्पर रहे। विभाग के अधिकरियों और साथी कर्मचारियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। जल संसाधन संभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विभाग के एसडीओ डीआर ढीढी ने उनके साथ काम के दौरान के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि अशोक सोनी ने हमेशा काम को प्राथमिकता दी और हमेशा अपने अधिकरियों के निर्देशों का पालन किए। उनकी दक्षता के कारण विभाग को कभी कोई परेशानी नहीं हुई। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही उनकी असली पहचान थी। विभाग के कार्यपालन अभियंता ए.पी. निरंजन ने अपने उद्बोधन में कहा कि अशोक सोनी न सिर्फ बेहतर कर्मचारी के रूप में अपनी पहचान बनाए बल्कि वे एक अच्छे व्यक्तित्व के भी धनी थे। इनके विभाग से सेवानिवृत्त होकर जाने का दुख भी है और इस बात की खुशी भी है कि मुश्किल समय में वे बेदाग छवि के साथ सेवा समाप्त कर जीवन की एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। इन्होंने अपने सेवा काल में जल संसाधन संभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी सेवाओं से विभाग को लाभान्वित किया। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाई और विभाग की उन्नति में योगदान दिया। इनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की। अशोक कुमार सोनी व उनके परिवार के सदस्यों ने भी सभी सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में अशोक कुमार सोनी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे हमेशा विभाग के साथ जुड़े रहेंगे और अपने अनुभव को साझा करने के लिए तैयार रहेंगे। इस दौरान विभाग के कार्यपालन अभियंता एपी निरंजन, एसडीओ डीआर ढीढी, एसडीओ वीआर साहू, एसडीओ एके आर्मो, सब इंजीनियर आदित्य साहू, सलमान अंसारी समेत विभाग के स्टाफ, अशोक सोनी की पत्नी अंजू सोनी और परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Spread the love