गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा हाल में गिरफ्तार आरोपी के विरूद्ध एक और अपराध दर्ज  

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा हाल में गिरफ्तार किए गए ठगी के आरोपी के विरूद्ध एक और व्यवसायी ने छलपूर्वक 80 हजार रुपये नकद प्राप्त लेने और धोखाधड़ी की रकम को खाते में डलवाने की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई है।
जोड़ा पीपल केदारपुर में मोबाइल दुकान का संचालन करने वाले पिन्टु कुमार गुप्ता पिता राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता 30 वर्ष ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह मोबाइल के साथ ऑनलाइन काम करता है। 13 जुलाई 2024 को लगभग 06 बजे अज्ञात व्यक्ति आया और नाजुक स्थिति में पत्नी को मिशन अस्पताल में एडमिट करने की जानकारी देते हुए कहा कि उसे रुपये की जरूरत है, और वह रुपये मंगवाने के लिए दुकान संचालक से खाता नम्बर मांगा। उसकी बातों को सुनने के बाद विश्वास में आकर वह अपने बैंक खाता का नम्बर उसे बताया, इसके बाद उसमें 80 हजार रुपये आया, जिसे एटीएम से निकालकर नकद दे दिया, और अपने खाता में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किया था, इसके बाद दोनों खाता फ्रीज होने की जानकारी एक दिन बात पता मिली। हाल में 26 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए व्यक्ति अनूप चैबे पिता नागेन्द्र नाथ चैबे निवासी थाना रेहला झारखण्ड का फोटो न्यूज पेपर और सोशल मीडिया में देखने के बाद वह उसे पहचाना, जो उसके दुकान में 13.07.2024 को आया था और छलपूर्वक उसके खाते में अपराधिक कृत्य का 80 हजार रुपये डलवाया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 318 (4) का मामला दर्ज कर लिया है।
बाक्स
दाखिला के नाम पर 5.70 लाख की ठगी
भारतीय विद्यापीठ पुणे में प्रवेश कराने के नाम पर 5 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है।
सदर रोड निवासी कुमार सोनी पिता हीरालाल सोनी 30 वर्ष ने गांधीनगर थाना पुलिस को दिए गए लिखित शिकायत पत्र में बताया है कि उसका भाई शौर्य सोनी वर्ष 2022 में नीट की परीक्षा दिया था, तत्समय सचिन शर्मा नामक व्यक्ति से पहचान हुआ, जो फोन करके भाई का एमबीबीएस में प्रवेश भारतीय विद्यापीठ पुणे में करा देने कहा। विश्वास में लेकर सचिन शर्मा 16.09.2022 से 23.09.2022 के बीच ऑनलाइन तीन बार में 5 लाख 70 हजार रुपये ले लिया। इसके बाद प्रवेश की अवधि बीत गई, लेकिन शौर्य सोनी का दाखिला नहीं हुआ। लगभग डेढ़-दो साल तक इंतजार करने के बाद वह अपना पैसा वापस करने के लिए सचिन शर्मा को कई बार फोन किया, बाद में वह फोन उठाना बंद कर दिया। धोखाधड़ी का एहसास होने पर गांधीनगर थाना में दिए गए आवेदन पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
बाक्स
मोटरसायकल की डिक्की से 98 हजार रुपये पार
सूरजपुर जिला के परियोजना कार्यालय के सामने खड़ी मोटरसायकल की डिक्की से अज्ञात व्यक्ति थैला सहित 98 हजार रुपये लेकर भाग गया। राम कुमार कुशवाहा पिता स्व. बुद्धू राम कोईर 55 वर्ष रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बरहोल का रहने वाला है। 26 फरवरी को वह दोपहर में करीब 12 बजे जिला सहकारी बैंक रामानुजनगर आया था, और करीब 02 बजे 98 हजार रुपये निकालने के बाद कपड़ा के थैला में लपेटकर मोटरसायकल की डिक्की में रखा था। डिक्की को बंद करके अपने काम से परियोजना कार्यालय रामानुजनगर आया, और मोटरसायकल खड़ा करके कार्यालय के अंदर चले गया। इस बीच परियोजना कार्यालय के सामने एक महिला खड़ी थी, जो कुछ देर बाद अंदर आकर राम कुमार को बताई कि उसके मोटरसायकल की डिक्की को खोलकर कोई आदमी थैला लेकर भाग रहा है। कार्यालय से बाहर निकला तो मोटरसायकल के डिक्की में रखा 98 हजार रुपये थैला सहित गायब था। आसपास तलाश करने के बाद भी रुपये लेकर भागे व्यक्ति का पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) का मामला कायम कर लिया है।

Spread the love