संभागीय आबकारी उड़नदस्ता और गांधीनगर थाना पुलिस ने की अलग-अलग कार्रवाई

अंबिकापुर। गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में जहां एक ओर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने चार किलो मादक पदार्थ गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, दूसरा भागने में सफल हो गया, वहीं गांधीनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 01 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक होली पर्व को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और कार्रवाई के उद्देश्य से आबकारी उड़नदस्ता टीम 28 फरवरी को सरगुजा जिला के थाना रघुनाथपुर अंतर्गत ग्राम ऊंचडीह-मोहनपुर मार्ग पर गस्त में निकली थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को अत्यधिक तेजी से जाते देखकर आबकारी की टीम ने इन्हें ओवरटेक करके रोका, इस दौरान बाइक के पीछे बैठा व्यक्ति भाग गया, लेकिन चालक पकड़ा गया। बाइक चालक लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कोट का आशिष पटेल था, जो पीठ में पि_ू बैग टांगकर रखा था। बैग की तलाशी लेने पर एक-एक किलो का 4 गांजे का पैकेट मिला, जिसका वजन 4 किलोग्राम होना पाया गया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत गिरफ्तार करके विशेष न्यायालय अंबिकापुर में रिमाण्ड हेतु प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल दाखिल करने का आदेश प्राप्त हुआ। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि होली के अवसर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ जाती है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम लगातार गश्त कर रही है और अवैध मादक पदार्थ के तस्करों पर नजर रखे हुए है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी के साथ मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी एवं नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी एवं चंद्रावती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बाक्स
उड़ीसा से गांजा लेकर पहुंचे स्कूटी सवार पुलिस के चंगुल में फंसे
फोटो
गांधीनगर थाना पुलिस ने गांजा के साथ 02 आरोपियों से 01 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी जप्त किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर पैनी नजर रखने निर्देशित किया है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध एक्टिीवा स्कूटी कमांक सीजी 15 डीजे 4318 में सवार दिनेश थापा पिता श्याम थापा 35 वर्ष निवासी झारसुगड़ा उड़ीसा हाल मुकाम अजिरमा नेपालीपारा व विक्की तामंग पिता चन्द्रा तामंग 21 वर्ष निवासी झारसुगडा उड़ीसा को पकड़ा। स्कूटी की तलाशी लेने पर डिक्की में 01.100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला, जिसकी कीमती लगभग 22 हजार रुपये है। पूछताछ में इन्होंने उड़ीसा से गांजा खरीद कर लाने एवं स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की जानकारी दी है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20 (बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमारी द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक विकाश सिंह, कुंदन पाण्डेय, केवल साहू, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Spread the love