पंजीकृत कुल 7676 परीक्षार्थियों में से 7572 हुए शामिल
अंबिकापुर।  छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा संचालित हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2026 अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्रमांक 71 में 23 फरवरी को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखा शास्त्र, फसल उत्पादन एवं उद्यान शास्त्र, वस्तु चित्रण एवं आलेखन, शरीर क्रिया विज्ञान एवं प्राथमिक चिकित्सा विषयों की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
परीक्षा को सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन करने हेतु कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित उड़नदस्ता दल द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगंवा, रामपुर, मेण्ड्राकला, सुखरी, लहपटरा, पेटला, नर्मदापुर, कमलेश्वरपुर, प्रभात राई, आदर्श जीवन दीप जजगा एवं डी. हिलाक्स पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर, नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर, लुण्ड्रा, धौरपुर, डी. हिलाक्स पब्लिक स्कूल अंबिकापुर एवं प्रभात राई परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्रों में परीक्षा सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रूप से संचालित होना पाया गया। परीक्षा में कुल 7676 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7572 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, 104 अनुपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कार्य में संलग्न सभी केन्द्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Spread the love