अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने जनरल परेड की सलामी लेकर बेहतर टर्नआऊट वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया। शस्त्रागार, स्टोर शाखा एवं पुलिस बैंक का निरीक्षण कर शस्त्रों के बेहतर रख-रखाव, वाहनों के मेंटनेंस एवं रिकॉर्ड व वाहन शाखा में शासकीय वाहनों के रख-रखाव एवं ड्रायवर डायरी अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
रक्षित केंद्र अम्बिकापुर में 20 फरवरी को आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने ली। परेड निरीक्षण दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के टर्न आउट का निरीक्षण कर बेहतर वेशभूषा धारण करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ईनाम देकर प्रोत्साहित किया। जनरल परेड के दौरान टोली बनाकर परेड कराया गया। परेड के मधुर धुन के लिए सुसज्जित पुलिस बैंड टीम का भी उन्होंने निरीक्षण किया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने वाहन शाखा का निरीक्षण करते हुए सभी शासकीय वाहनों का बारीकी से जांच करके वाहनों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने कहा, तत्पश्चात पुलिस लाइन के शस्त्रागार व स्टोर शाखा का निरीक्षण कर आर्म्स एम्युनेशन के रख-रखाव एवं रिकार्ड का बेहतर तरीके से संधारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों व जवानों की सुविधा के लिए खोले गए पुलिस कल्याण कैंटीन एवं पुलिस बैंक का लाभ लेने प्रेरित किया। जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित थाना, चैकी एवं कार्यालय के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थिति रहे।

Spread the love