अंबिकापुर। संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय में बुधवार को एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनर्निरीक्षण) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वीप सदस्य द्वय रजनीश मिश्रा और प्रीति तिवारी रहे। दोनों ने एस.आई.आर. प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता शुद्धिकरण एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने फॉर्म भरने की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल भाषा में तीन भागों में विभाजित करके समझाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और सटीक होना लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह ने कहा मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो और अपात्र नामों का समयानुसार संशोधन हो सके, इसके लिए एसआईआर महत्वपूर्ण है। डॉ. पूजा दुबे ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में नागरिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक सुमन पांडेय, रानी पांडेय के अलावा डीएलएड द्वितीय वर्ष के समस्त प्रशिक्षार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

Spread the love