नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का विक्टोरिया पब्लिक स्कूल में आयोजन

अंबिकापुर। विक्टोरिया पब्लिक स्कूल में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा द्वारा नशामुक्ति, यातायात नियमों, साइबर क्राइम से सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विजय कैवर्त उप निरीक्षक यातायात पुलिस के द्वारा विद्यार्थियों को यातायात के प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई, साथ ही यातायात के नियमों की अवहेलना कर वाहन चलाने के दुष्परिणामों एवं घटित दुर्घटनाओं के संबंध में आंकड़ों सहित प्रस्तुति दी गई।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका  वन्दना दत्ता ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशा जीवन, परिवार और भविष्य तीनों को प्रभावित करता है। युवाओं की सजगता ही समाज को नशे से मुक्त बना सकती है। अनिल कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों से नशामुक्ति के संदेश को हर घर तक पहुंचाने की अपील की गई। वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने बच्चों को प्रेरक ढंग से नशामुक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र की संजू एवं उनके सहयोगी बहनों के द्वारा विद्यार्थियों को शांतिपूर्वक जीवन जीने के तरीके और ध्यान के बारे में बताया गया। उमाशंकर पाण्डेय काउंसलर नवा बिहान ने बच्चों के अधिकार एवं मोबाइल एडिक्शन से कैसे बचेें, इस पर समझ विकसित करने का प्रयास किया। समाज सेविका सुनिधि शुक्ला ने साइबर अपराध एवं साइबर अपराध से सुरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उप प्राचार्य तुलसी शर्मा ने नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान टीम का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन प्रियंका मिश्रा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विक्टोरिया पब्लिक स्कूल के समस्त स्टाफ एवं नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के संयोजक मंगल पाण्डेय एवं टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Spread the love