जिले के 143 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, 94 को जारी किए गए प्रमाण-पत्र

अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र शिविर मल्टीपर्पज हायर सेकेंडरी स्कूल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जिला शिक्षा अधिकारी एवं समग्र शिक्षा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी पात्रता के अनुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड प्रदान करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना था।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अस्थि बाधित, दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित, मानसिक मंदता, सेरेब्रल पाल्सी (सी.पी.), सिकल सेल तथा शल्य क्रिया संबंधी आवश्यक परीक्षण किया। शिविर में सरगुजा जिले के सभी 7 विकासखण्डों से कुल 143 दिव्यांग बच्चे एवं 107 अभिभावक, शिक्षक उपस्थित हुए। परीक्षण के बाद विभिन्न श्रेणियों में 94 पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिनमें 20 अस्थि बाधित, 16 दृष्टि बाधित, 12 श्रवण बाधित, 26 मानसिक मंदता, 2 सी.पी. तथा 18 सिकल सेल से प्रभावित बच्चे शामिल हैं। जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत जैन, डॉ. जी.के. दामले, डॉ. आशीष मंडल, डॉ. प्रेमसाय तिर्की, डॉ. चन्द्रशेखर उपाध्याय, डॉ. गिरीश पैकरा, डॉ. राजपीत कौर और डॉ. अखिलेश भारत द्वारा परीक्षण एवं मूल्यांकन कार्य किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा, जिला मिशन समन्वयक सर्वजीत कुमार पाठक, सहायक कार्यक्रम समन्वयक भरत अग्रवाल, संजय सिंह, करूणेश चन्द्र श्रीवास्तव एवं समावेशी शिक्षा प्रभारी दिनेश शर्मा सहित सभी विकासखण्डों के बीआरपी एवं स्पेशल एजुकेटर उपस्थित रहे। अभिभावकों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि टीम द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को शिविर तक पहुंचाने तथा प्रमाण पत्र की प्रक्रिया में दी गई सहायता अत्यंत उपयोगी रही। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविर आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न हो।

Spread the love