अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की 2024 की परीक्षा में अंबिकापुर के बौरीपारा निवासी पंकज यादव ने राज्य में 14वां रैंक हासिल कर अंबिकापुर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस महत्वपूर्ण सफलता पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दूरभाष पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। पंकज की उपलब्धि न केवल उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है, बल्कि पूरे अंबिकापुर का मान और गर्व भी है। मंत्री ने पंकज से कहा कि आपने अपने माता-पिता, शहर और हम सभी का नाम रोशन किया है। आपके पिता ने कठिन परिस्थितियों में भी आपको पढ़ाया-लिखाया और आपने अथक मेहनत से सफलता हासिल की, इसके लिए आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि माता-पिता के त्याग और संघर्ष को कभी नहीं भूलना चाहिए, क्योंकि उन्हीं की बदौलत आज आप इस मुकाम पर पहुंचे हैं। मंत्री ने पंकज यादव के माता-पिता को भी विशेष रूप से बधाई प्रेषित की।
पंकज यादव के पिता रामेश्वर यादव रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने हेतु ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता रायवती गृहिणी हैं। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने कभी हार नहीं मानी। पंकज ने अपनी प्राथमिक शिक्षा मल्टीपरपज स्कूल अंबिकापुर से की और बीएससी कंप्यूटर व एमएससी की पढ़ाई क्रमश: साईं बाबा कॉलेज और पीजी कॉलेज से पूरी की है। पंकज यादव बीते छह वर्षों से लगातार सीजीपीएससी परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। कई प्रयासों के बाद अब जाकर उन्हें सफलता मिली। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता की कठिन मेहनत, त्याग और धैर्य को दिया। स्थानीय लोगों ने पंकज को  ‘संघर्ष और संकल्प का प्रतीकÓ बताया है, जिसका उदाहरण आने वाली पीढ़ियां लेंगी।

Spread the love