प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में चापहिया व रिंग रोड में भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर पुलिस करेगी व्हील लॉक और चालान

अंबिकापुर। शहर की यातायात व्यवस्था को जनसुविधा अनुरूप करने एवं मुख्य व्यवसायिक मार्गों पर चारपाहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग रोकने की पहल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशानिर्देशन में की जा रही है। प्रमुख भीतरी मार्गों मे अवैध पार्किंग से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों से अपने वाहनों की पार्किंग नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल एवं अन्य निकटतम प्राइवेट पार्किंग स्थल में ही करने का आग्रह किया है। फुटपाथ पर चार पाहिया वाहन नहीं खड़ा करने की अपील की गई है। इसके पश्चात भी अवैध पार्किंग पाए जाने पर संबंधित वाहनों को लॉक करके चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में रिंग रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर भी सख्ती से चालानी कार्रवाई करने आगाह कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने मुख्य व्यवसायिक मार्गों पर चार पाहिया वाहनों को बेतरतीब पार्किंग रोकने एवं रिंग रोड में भारी वाहनों के अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम द्वारा शहर के भीतरी प्रमुख मार्गों में चार पाहिया वाहनों की अवैध पार्किंग कर सड़क जाम करने वाले वाहन चालकों को अपील के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इसके पश्चात भी यातायात नियमो की अवहेलना कर अवैध पार्किंग पाए जाने पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। अवैध रूप से पार्किंग पाए जाने पर पुलिस व्हील लॉक करने की कार्रवाई करेगी। आम दुकानदारों एवं व्यापारियों से भी अपील की जा रही है, कि अपने ग्राहकों को नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल एवं अन्य निकटतम पार्किंग स्थल पर अपने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्किंग करने के लिए प्रोत्साहित करें। आम नागरिकों से भी शहर की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में सरगुजा पुलिस का सहयोग करने आग्रह किया गया है। रिंग रोड के आस-पास गाड़ी बनाने वाले दुकानदारों के द्वारा भी दुकान में बनने के लिए आए वाहनों को रिंग रोड से नीचे खड़ा करके सुधार कार्य किया जाता है। सुधार पश्चात ट्रकों को ट्रांसपोर्टनगर एवं बसों को बस स्टैंड में ही खड़ा करने कहा गया है, अन्यथा पुलिस टीम चालानी कार्रवाई करेगी।
नपानि द्वारा निर्धारित एवं अन्य निकटतम पार्किंग स्थल
अम्बेडकर चौक के पास पीजी कॉलेज, सर्कस मैदान, बीटीआई मैदान, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान,  गांधी चौक के पास गांधी स्टेडियम, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कलाकेंद्र मैदान, आकाशवाणी चौक के पास नवापारा चर्च मैदान, गांधी स्टेडियम, देव होटल के पास देवीगंज रोड में निशांत मेडिकल चित्रमंदिर, गुदरी बाजार/संगम चौक के पास केंद्रीय सहकारी बैंक के सामने, थाना चौक के पास मल्टीपरपज स्कूल, नगर निगम स्कूल, जयस्तम्भ/कादम्बि चौक के पास बरेज पारा, ब्रम्ह मंदिर/अग्रसेन चौक के पास पुराना बस स्टैंड, अस्तबल, ट्रकों के लिए ट्रांसपोर्ट नगर व बसों के लिए बस स्टैंड पार्किंग स्थल नियत किया गया है।

Spread the love