जिले में अब तक 18,533 क्विंटल धान की खरीदी

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप प्रदेश में इस वर्ष धान खरीदी तिहार पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्था और किसान हित में संचालित हो रहा है। जिला प्रशासन की तैयारियां और सतत निगरानी प्रभावी साबित हो रही हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव सीधे-सीधे किसानों की संतुष्टि में झलक रहा है।
आदिमजाति सहकारी मर्यादित समिति मेंड्राकला में धान बेचने पहुंचे ग्राम पंचायत भि_ी कला के किसान उत्साहित और संतुष्ट दिखाई दिए। किसान बनकेश्वर राम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य निर्धारित करने से आर्थिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने उपार्जन केंद्र में इस बार तुलाई से लेकर भुगतान प्रक्रिया तक की व्यवस्थाओं को पहले से अधिक सुव्यवस्थित बताया। जिला खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में तेजी आई है। अब तक 18,533.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिले में इस वर्ष 55,937 किसान पंजीकृत हैं तथा 54 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी व्यवस्था संचालित किए जा रहे हैं। धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने हेतु केंद्रों में तौल मशीनों की नियमित जांच, बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था की निरंतर समीक्षा, भुगतान प्रक्रिया की समयबद्धता जैसी व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो। धान खरीदी से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान कंट्रोल नंबर 96306 82959 पर संपर्क कर सकते हैं।

Spread the love