एस्मा के तहत एफआइआर, निलंबन और बर्खास्तगी को शून्य करने की मांग  

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दिया है। अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर वे 3 नवंबर से हड़ताल पर थे। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि किसान हित, लोक हित व सोसायटी हित में हमने ये फैसला लिया है। इनके द्वारा एस्मा के तहत किए गए एफआइआर, निलंबन, बर्खास्तगी व स्थानांतरण की कार्रवाई को शून्य करने की मांग शासन से की है।
बता दें कि सरगुजा जिले के 54 धान खरीदी केंद्रों में 54 समिति प्रबंधक व 54 ऑपरेटर हैं, जो अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। जिले में इस वर्ष 55,937 पंजीकृत किसान और लगभग 58,219 हेक्टेयर में धान का रकबा है। इसके लिए 54 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए गए हैं। धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी ये काम पर नहीं लौटे, ऐसे में शासन और प्रशासन ने इन्हें चेतावनी देने के लिए एस्मा के तहत कार्रवाई शुरू की और समिति प्रबंधकों के खिलाफ एफआइआर, निलंबन, बर्खास्तगी व कंप्यूटर ऑपरेटरों के स्थानांतरण की प्रक्रिया की जाने लगी। इसके बाद भी ये टस से मस नहीं हुए। इनका कहना था कि धान की खरीदी के बाद, कम मात्रा में धान मिलने पर उन पर जिम्मेदारी डाली जाती है। मेहनत के हिसाब से उचित वेतन उन्हें नहीं मिलता है। ऐसी ही चार सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहा। इन कर्मचारियों के हड़ताल को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था कर धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से शुरू करा दिया गया, लेकिन ये कर्मचारी धान खरीदी से संबंधित प्रशिक्षित नहीं थे, जिस कारण समितियों में आने वाले किसानों को कई प्रकार की परेशानी हो रही थी। कई खरीदी केन्द्रों पर ठीक ढंग से खरीदी का कार्य नहीं हो पा रहा था। इधर शासन की ओर से हड़ताली कर्मचारियों से काम पर लौटने कहा गया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। माना जा रहा है कि शासन स्तर से हो रही कार्रवाई को देखते हुए सहकारी समिति कर्मचारी संघ भी दबाव में आया, वहीं शासन स्तर से उनकी मांगों पर पहल का आश्वासन मिला है। इस पर संघ ने संयुक्त रूप से आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। इनके द्वारा एस्मा के तहत की गई कार्रवाई को शून्य करने की मांग की गई है। कर्मचारियों की कार्यस्थल में वापसी के बाद सोमवार से धान खरीदी की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है। 

Spread the love