बिश्रामपुर। बिहार के बाद अब छत्तीसगढ़ समेत बारह राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर शुरू किया गया है।छत्तीसगढ़ में भी इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जहां बीएलओ द्वारा घर घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण कर उसे भरने की प्रक्रिया समझाई जा रही है।नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में आगामी दिनों में चुनाव होना है, ऐसे में यहां क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा वार्डवार मतदाताओं को गणना पत्रक को सही तरीके से भरकर जमा करने की समझाइश दी जा रही है। इसके लिए विधिवत नगर पंचायत कार्यालय में बीएलओ को बैठाकर एक एक मतदाताओं को गणना पत्रक सही तरीके से भरने की समझाइश दी जा रही है। इस कार्य में आगामी दिनों में अध्यक्ष पद के सम्भावित उम्मीदवारों के साथ साथ वार्डों से पार्षद का चुनाव लड़ने की मंशा रखने वाले जनप्रतिनिधि विशेष रूप से  सक्रिय हैं और वे मतदाताओं को गणना पत्रक को सही सही भरने और तय समय में जमा करने की ताकीद कर रहे हैं। एसआईआर के कार्य में यह भी देखा जा रहा है कि बीएलओ आज पर्यंत तक कई घरों में गणना पत्रक का अब तक वितरण नहीं किया है, जिससे लोग परेशान हैं। गांव गांव में तो हालात यह है कि कई लोग गणना प्रपत्र को भरने रुचि ही नहीं दिखा रहे हैं जबकि कई लोग गणना प्रपत्र को भरने को लेकर परेशान हैं। कुल मिलाकर अभियान पहले चरण में पूरा होगा, इसकी उम्मीद कम दिखाई दे रही है। चार नवंबर से चार दिसंबर तक प्रथम चरण में एसआईआर का कार्य पूरा किया जाना है। प्रचार प्रसार के बगैर आनन फानन में शुरू किए गए एसआईआर के कार्य को लेकर लोगों में विशेष उत्साह नहीं दिख रहा है। एसआईआर के क्रियान्वयन को लेकर पिलखा नायब तहसीलदार मीना सिंह द्वारा भी नगर पंचायत शिवनंदनपुर में सतत निगरानी की जा रही है। 

Spread the love