अंबिकापुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के 108वें जयंती पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सही मायनों में वो एक साहसी प्रधानमंत्री थी। उन्होंने देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाकर और पाकिस्तान के दो टुकड़े कराकर असली साहस का परिचय दिया था। उन्होंने अमेरिका को लाल आंख दिखलाते हुए पाकिस्तान के दो फाड़ कर दिए। सिक्किम का देश में विलीनीकरण किया।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी जितनी धर्मनिरपेक्ष थीं उतने ही ज्यादा अडिगता से हिंदू धर्म के नियमों का पालन भी करती थी। 1977 तक प्रधानमंत्री रहते प्रधानमंत्री आवास में स्थित मंदिर में वो प्रतिदिन 108 फूलों से शृृंगार किया करती थी। 1980 के लोकसभा चुनाव में विजय प्राप्त करने के बाद जब उन्होंने प्रधानमंत्री आवास में पुन: प्रवेश किया तब वहां स्थित उस मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मधु दीक्षित, इरफान सिद्दीकी, संजीव मंदिलवार और रजनीश सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने सभा का संचालन किया। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे। 

Spread the love