सांसद के नेतृत्व में राम मंदिर से निकले मार्च में दिया एकता का संदेश
सांसद, महापौर सहित जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने की धान कटाई

अंबिकापुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य पर जिले में गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय एकता मार्च पदयात्रा ‘यूनिटी मार्चÓ का आयोजन किया गया। सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज के नेतृत्व में अंबिकापुर के राम मंदिर प्रांगण से पदयात्रा रवाना हुई। हाथों में तिरंगा झंडा लेकर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय महाविद्यालय के छात्र, बड़ी संख्या में आमजन उत्साहपूर्वक यात्रा में निकले। इस अवसर पर लोगों में उत्साह और एकता का अभूतपूर्व नजारा देखने मिला। एकता का संदेश देते हुए जैसे-जैसे मार्च आगे बढ़ा, शहर के विभिन्न मार्गों पर नागरिकों ने फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से रैली का स्वागत किया। पदयात्रा द्वारा जन-जन तक एकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकास का संदेश पहुंचाया गया।
इस दौरान सांसद चिंतामणी महाराज ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया है। देश के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, उनके इन्हीं योगदानों के लिए आज हम एकता मार्च के माध्यम से लोगों को एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बहुत से स्वतंत्रता आंदोलनों का नेतृत्व किया और भारत की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के रुप में सेवाएं दी हैं, उनके विषय में जितना कहा जाए कम है। हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके जयंती को पूरे भारत में मना रहे हैं, उनकी शिक्षाओं और विचारों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। हमें उनकी जयंती पर उनके विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।
लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि हम सब एक ऐसे पुरूष की जयंती मना रहे हैं, जो एकता के लिए मिसाल हंै। देश जब आजाद हुआ तब उन्होंने देशी रियासतों को भारत देश में मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। राजाओं से बात कर रियासतों का विलय करवाया और भारत देश के स्वरूप का गठन हुआ। एकता मार्च के माध्यम से हम लोगों को देश की आजादी में अपनी भूमिका निभाने वाले ऐसे ही महत्वपूर्ण पुरुषों के बारे में बताकर प्रेरित कर रहे हैं। महापौर मंजूषा भगत ने भी सरदार पटेल के विचारों को याद कर विद्यर्थियों को देश के एकीकरण में उनके योगदान के बारे में बताया। कुल 11 किलोमीटर की यह पदयात्रा राम मंदिर अंबिकापुर से होते हुए मल्टीपरपज स्कूल पहुंची, जहां विद्यार्थियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। विद्यार्थी जनसभा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात शंकरघाट शिव मंदिर में दर्शन कर लोगों ने घाट में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। शासकीय माध्यमिक शाला असोला में जनसभा आयोजित कर लोगों को सरदार पटेल के जीवन, उनके योगदान और उनकी प्रेरक जीवनी के विषय में जानकारी दी गई। लोक गायक संजय सुरीला ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की अलख जगाई। परसा मोड़ में सांसद, महापौर जनप्रतिनिधियों सहित आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से धान कटाई की। इसके पश्चात शिवमंदिर परसा में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पेड़ लगाया गया। शासकीय माध्यमिक शाला परसा में जनसभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ पदयात्रा संपन्न हुई। इस दौरान भारत सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विलास भोसकर, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love