जन्म शताब्दी समारोह एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
अंबिकापुर। जनजातीय समाज के महान शिक्षाविद, समाजसेवी, राष्ट्रनायक बाबा कार्तिक उरांव के जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर बुधवार को नगर पालिक निगम अंबिकापुर के प्रशासनिक भवन के पास भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नगर निगम कार्यालय के समीप बनने वाले बाबा कार्तिक उरांव चौक का भूमिपूजन करने के दौरान मूर्ति एवं चौक निर्माण के लिए 40.79 लाख रुपये की राशि की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश की ओर से बाबा कार्तिक उरांव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा कार्तिक उरांव समाज के गौरव हैं। विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद वे अपनी धर्म, संस्कृति और सभ्यता को नहीं छोड़े। उन्होंने पुरखों के बताए हुए मार्ग पर चलते हुए बड़ी शिक्षा प्राप्त की। बाबा कार्तिक उरांव ने कहा था कि जितना ज्यादा से ज्यादा पढ़ेंगे, उतना ही ज्यादा समाज को गढ़ेंगे। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। हमें उनके बताए हुए रास्ते के नक्शे कदम पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह चौक बाबा कार्तिक उरांव के आदर्शों, विचारों और योगदान की स्मृति को सहेजने का प्रतीक बनेगा।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि, बाबा कार्तिक उरांव हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है उन्होंने समाज के उत्थान और विकास के लिए अपने जीवन समर्पित किया हमें उनके बताए हुए मार्गों पर चलने की आवश्यकता है, उन्होंने समाज के संस्कृति, सभ्यता परंपरा और रीति-रिवाज को मानते हुए समाज को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सासद चिंतामणि महाराज ने बाबा कार्तिक उरांव के कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने सदैव समाज में एकता, शिक्षा और जागरूकता का संदेश दिया। यह आज की आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलकर समाज को संगठित कर एकता के सूत्र में बांधे, जिससे जनजातीय समाज सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में अपना योगदान दें। इस अवसर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज, नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, राष्ट्रीय संयोजक जनजातीय सुरक्षा मंच गणेश राम भगत, माता राम बाई, इन्दर भगत, बंशीधर के अलावा समाज प्रमुख एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, कलेक्टर विलास भोसकर सहित बड़ी संख्या में जनसमुदाय की उपस्थिति रही।
खराब सड़कों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
शहर की खराब सड़कों के परिप्रेक्ष्य में किए गए सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले 5 साल कांग्रेस की सरकार ने सड़कों के मेंटेनेंस पर ध्यान नहीं दिया। हमारी सरकार को 21-22 महीने हुए हैं, काफी सुधार का प्रयास हुआ है। अंबिकापुर की सड़कें भी बेहतर हो जाएंगी थोड़ा सा इंतजार करिए।
धर्मांतरण के लिए शीतकालीन सत्र में लाएंगे बिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मांतरण कानून को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण को लेकर कानून तो है, मगर सरकार शीतकालीन सत्र में इसमें संशोधन के लिए बिल लेकर आएगा, जो इस पुराने कानून को और अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी की गरीबी और अशिक्षा का फायदा उठाकर धर्मांतरण करना सही नहीं है, इसे रोकने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

Spread the love