10 आरोपियों को गिरफ्तार करके 11 बाइक बरामद करने में मिली सफलता

बलरामपुर। जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर बिक्री करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 20 हजार रुपये है।
बसंतपुर पुलिस को 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रूपपुर निवासी जगजीवन कुजूर और राजेश रवि, चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और जगजीवन कुजूर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान प्रारंभ में आनाकानी करने के बाद उसने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के नामों का खुलासा किया, जिसके आधार पर पुलिस ने राजेश रवि, सन्नी कुशवाहा, अनुराग यादव, सियाराम अगरिया, देवशरण, शिवचरण, राहुल प्रजापति, संदीप अगरिया एवं रंजन विश्वकर्मा निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। ये वाहन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। बरामद की गई मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग 6.20 लाख रुपये है। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों को सूचित कर दिया है।

Spread the love