मजदूर युवक से 10 हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिया

अंबिकापुर। शहर के दर्रीपारा जेल तालाब के पास 4-5 युवकों ने पेंट-पुट्टी का काम करके घर लौट रहे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक का दोष सिर्फ इतना था कि वह समूह में युवकों को एकत्र देखकर एक युवक से पूछा कि भाई क्या हुआ, यह अन्य आरोपियों को रास नहीं आया और भाई किसको बोला कहते हुए चाकू से जानलेवा हमला कर दिए। चाकू का वार शरीर के ऐसे हिस्से में पड़ा जिससे जान तो बच गई, लेकिन जिस प्रकार बेरहमी से आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। जख्मी युवक के जेब से 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी आरोपियों ने निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्रीपारा निवासी मोहन नाविक पिता रामदेव नाविक 28 वर्ष, पेंट, पुट्टी का काम करता है। गुरूवार की रात को करीब 11.30 बजे वह काम समाप्त करके अपने घर जा रहा था। जेल तालाब के पास चार-पांच युवक पहले से खड़े थे, जिज्ञासावश वह देर रात मोहल्ले में खड़े युवकों को देखकर एक से पूछा कि भाई क्या हो गया, इसी बात से मौके पर खड़े युवक उद्वेलित हो गए और किसको भाई बोला, ये तेरा भाई है कहते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। आरोपियों ने उसके हाथ, पीठ में चाकू से 4-5 बार वार करके गंभीर चोट पहुंचाया है। मजदूरी की राशि और मोबाइल फोन को भी युवक लूट लिए। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वालों की पहचान गंगू, चंदरू, प्रताप, सौरभ के रूप में हुई है, जो नशा करने के बाद अपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी रात को ही मणिपुर थाना में जाकर जख्मी युवक की बहन और मां दी थी, जिस पर पुलिस हरकत में आई। शुक्रवार को मणिपुर थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती मजदूर युवक का बयान लेने पहुंचे। युवक का कथन लेकर पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love