0 थाने पहुंचा मामला

0 भूमिगत गैस पाईप लाईन बिछाने में अनदेखी और मनमानी खुदाई से आक्रोशित जनप्रतिनिधियो ने खोला मोर्चा

सूरजपुर। यहां नगर पालिका क्षेत्र में भूमिगत नेचुरल गैस पाईप लाईन बिछाने के कार्य में मनमानी व बिना अनुमति के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य को लेकर पार्षदों सहित नगरवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। उल्लेखनीय है कि शहर में अब पाईप लाईन के माध्यम से गैस प्रदाय किए जाने की योजना को अमलीजामा पहनाने का कार्य द्रुत गति से हो रहा है। इसके लिए भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के टेरेटरी मैनेजर गैस के द्वारा नगर पालिका परिषद को आवेदन पत्र देकर नगर के विभिन्न वार्डों में पाईप लाईन बिछाने के कार्य की अनुमति मांगी गई थी। जिसके मामले में बीपीसीएल के द्वारा चिन्हांकित जगहों पर पाईप लाईन बिछाने के कार्य के लिए लगभग 120 किमी का विस्तार कार्य किए जाने की मांग की गई। जिस पर नपा प्रबंधन के द्वारा निर्धारित कटिंग में लगभग 38 किमी सीसी रोड व अनुमानित लगभग 87 किमी डिटी रोड की अनुमति नियमों व शर्तों के अधीन दी गई। इस पूरे मामले में समस्त कार्यों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उप अभियंता तथा निकाय के जल प्रदाय के उप अभियंता के निरीक्षण में कार्य कराए जाने के साथ कार्य स्थल पर 24 घण्टे निकाय की निगरानी, एक दिन पूर्व निकाय के तकनीकी अधिकारियों को सूचना देकर कार्य करने, पेयजल की पाईप लाईन क्षतिग्रस्त नहीं करने, सुरक्षा के पूर्ण उपाय करने, यातायात बाधित नहीं करने के साथ खुले व किनारे के भाग पर कार्य किए जाने सहित अन्य शर्तों के तहत अनुमति प्रदान की गई। इस पूरे कार्य में निकाय के अनेक वार्डों में पेयजल पाईप लाईन को जगह-जगह से क्षतिग्रस्त कर दिए जाने और उनके संधारण में पहल न करने के मामले को लेकर भी नपा के भी जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। दूसरी ओर नगरवार्ड क्रमांक-7 में गोयल मेडिकल के बगल से खोदी जा रही सड़क को नगरवासियों व जनप्रतिनिधियों ने बिना अनुमति के कारण रोक लगा दी है। वार्ड पार्षदांे का कहना है कि जहां की अनुमति मिली है, वहीं कार्य करें अन्यत्र स्थानों पर अवैधानिक तरीके से कार्य किया जाना भविष्य में जन हानि व जोखिम का कारण बन सकती है। बहरहाल पुलिस के समक्ष पहुंचे आवेदनों पर फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को जांच में लिया है और इस आशय को लेकर नपा प्रबंधन व संबंधित से भी जानकारी मांगी जा रही है।

0 जल कार्य सभापति ने खोला मोर्चा

इस मामले को लेकर नगर पालिका परिषद की जल कार्य सभापति मंजूलता गोयल ने मनमानी तरीके से किए जा रहे कार्यों को लेकर हो रहे पाईप लाईन नुकसान के मामले में सूरजपुर पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। जिसमें बिना अनुमति वार्ड की गलियों को तोड़ने, सड़कों को क्षतिग्रस्त करने, जानलेवा गड्ढ़े निर्मित कर देने तथा पाईप लाईन क्षतिग्रस्त कर पेयजल सप्लाई बाधित करने के मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

0 नियमानुसार होनी चाहिए खुदाई

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े के समक्ष पार्षदांे व नगरवासियों की शिकायत पहुंचने पर उन्होंने भी आक्रोश जताते हुए नपा प्रबंधन को तलब कर पूरी जानकारी ली और कहा कि जहां अनुमति है, वहीं नियमानुसार खुदाई होनी चाहिए, अन्यत्र स्थानों पर किए जा रहे कार्यों को लेकर उन्होंने प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारियों को जांच किए जाने के आदेश देते हुए कहा कि जब तक पूरे मामले की जानकारी नहीं आती तब तक उक्त कार्य निकाय क्षेत्र में बंद रहेगा।

Spread the love