होलीक्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अंबिकापुर। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा ने होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटपरिया में नशामुक्ति, यातायात, साइबर अपराध से सुरक्षा, महिला हिंसा एवं महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराध के विषय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान स्कूल की प्राचार्य सिस्टर जस्सी ने आयोजित कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान साइबर सेल प्रभारी के द्वारा साइबर क्राइम एवं उससे बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशे की लत के कारण छात्र -छात्राओं का कैरियर ही नहीं बल्कि व्यक्तित्व भी बर्बाद हो जाता है। वे झूठ बोलना शुरू कर देते हैं, और अपराधिक प्रवृत्तियों में लिप्त हो जाते हैं। उन्होंने नशे की लत लगने के कारण एवं दुष्प्रभाव के संबंध में बताया गया। उपनिरीक्षक विजय कैवर्त यातायात प्रभारी अंबिकापुर के द्वारा यातायात के प्रावधानों को अनदेखा करने से होने वाली दुर्घटनाओं पर आंकड़ों सहित प्रकाश डाला, साथ ही यातायात के नियमों का पालने करने, बिना हेलमेट एवं ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने कहा। उपनिरीक्षक सुनिता भारद्वाज महिला थाना प्रभारी ने महिलाओं के शोषण एवं महिलाओं के साथ किए जा रहे विभिन्न अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा महिलाओं को समाज निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने स्वयं को जागरूक करना पड़ेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राध्यापक अंजनी कुमार पाण्डेय ने किया।

Spread the love