बच्चियों के सिर से मां का साया हटा, स्वजन घटना से व्यथित
अंबिकापुर। पसंदीदा सामानों की खरीदी के लिए ऑनलाइन शॉपिंग के प्लेटफार्म को खंगालने का प्रचलन बढ़ा है। महिलाओं और युवा-युवतियों का ध्यान इस ओर कुछ ज्यादा ही रहता है। इधर शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता ने जहर मंगवाकर खुद की इहलीला समाप्त कर ली। मृतिका की दो बच्चियां हैं, जिनके सिर से मां का साया हट गया है। घटना से बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक नवापारा निवासी सुधाकर सिंह उर्फ चुन्नू की पत्नी निशा सिंह 35 वर्ष, मंगलवार 23 सितम्बर की शाम को करीब 6 से 6.30 बजे के बीच एक प्लेटफार्म से ऑनलाइन मंगाकर रखे गए जहरीले दवा का सेवन कर ली थी। बताया जा रहा है कि महिला इसके पहले अपने पति से मोबाइल फोन पर बात करके बच्चों का ख्याल रखने के लिए कही, उसकी बातों को सुनकर पति सुधाकर सिंह घर आने की बात कहा। इधर निशा जहरीले दवा का सेवन कर ली। तबियत खराब होने पर स्वजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए, यहां से रेफर करने पर रायपुर लेकर जा रहे थे, इस दौरान उदयपुर-तारा व मोरगा के बीच तबियत बिगड़ने पर स्थिति नियंत्रित करने के लिए महिला को आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराई गई। पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचते तक महिला की सांस थम चुकी थी। इसके बाद स्वजन उसे वापस मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना से स्वजन व्यथित हैं। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

Spread the love