अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने पिकअप वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चोर और खरीदार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीगढ़ निवासी अविनाश ताम्रकार से जुड़ा है। 22 अगस्त को वह थाने में शिकायत दर्ज कराया था कि उसका सेकंड हैंड पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 एबी 0473 को अज्ञात चोर रात के समय चोरी कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अनिल पावले, पिता धनपाल पावले 35 वर्ष, निवासी कपाट बहरी थाना बतौली उक्त चोरी की गई पिकअप को बभनी क्षेत्र की ओर बेचने के फिराक में है। पुलिस ने अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वह वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में अनिल बताया कि उसने यह चोरी अपने साथी संदीप कुशवाहा, निवासी कोटराही, बसंतपुर के सहयोग से की थी। दोनों ने मिलकर वाहन को ग्राम चैनपुर, आसनडीह निवासी मुनेश कुमार कुशवाहा को 1.50 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों अनिल पावले, संदीप कुशवाहा और मुनेश कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उचित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।

Spread the love