अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने से यहां रहने वाले लोगों और व्यवसायियों की चिंता बढ़ रही है। छिटपुट चोरियों के मामले तो सामने आ ही रहे हैं, चोर ऐसे दुकानों में भी धावा बोल रहे हैं, जहां सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीव्ही कैमरे लगे हैं। पांच दिन पहले चोरों ने गोधनपुर चौक से कुछ फासले पर स्थित एक दुकान में धावा बोलकर काउंटर में रखे 10 हजार रुपये से अधिक नकद और करीब 20 हजार रुपये का ड्राई फ्रूट चोरी कर लिया। घर में शोक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दुकान संचालक ने त्योहारी मौके को देखते हुए ग्राहकों के लिए ड्राई फू्रट्स सहित अन्य सामानों को मंगवाया था।
जानकारी के मुताबिक महुआपारा आम बगीचा के पीछे रहने वाले दिलीप सिंह पिता विश्वनाथ सिंह का गोधनपुर चौक, वसुन्धरा विहार रोड में डेली वेली नामक किराना दुकान है। 23 अगस्त की रात को करीब 9.30 बजे वे अपना दुकान बंद करके घर चले गए थे। दूसरे दिन 24 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे दुकान पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था। दुकान के अंदर जाने पर ड्राई फू्रट्स काजू 3 किलो, किसमिस 5 किलो, बादाम 3 किलो, चोकोस 3 पैकेट, खजूर 6 डिब्बा, सिगरेट व काउंटर में रखा चिल्हर व नकद रकम 10 हजार रुपये नहीं था। जब उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीव्ही का अवलोकन किया तो घटना दिनांक को अलसुबह करीब 3.59 बजे बरसते पानी में छाता ओढ़कर पहुंचा अज्ञात युवक कुछ देर तो दुकान के बाहर खड़ा होकर आसपास के माहौल का जायजा लिया, इसके बाद छाता के आड़ में दुकान का ताला तोड़ने में भिड़ गया। बारिश होने के कारण अलसुबह टहलने के लिए निकलने वालों का आना-जाना भी नहीं हो रहा था, इसका फायदा उठाकर 4.40 बजे उक्त युवक दुकान के अंदर प्रवेश कर गया, जो अपने पहने हुए शर्ट से चेहरे को छिपाते सबसे पहले दुकान के काउंटर तक पहुंचा और लॉक काउंटर को खोलने मशक्कत करते किया। कैंची सहित अन्य औजार से वह काउंटर को तोड़ने में दो मिनट के अंतराल में सफल हो गया, और नकद रकम निकालने के बाद दुकान में रखे ड्राई फ्रूट्स, सिगरेट को समेटकर निकल लिया। मार्ग में सन्नाटा रहने के कारण इसकी भनक किसी को नहीं लग पाई। दुकान संचालक के द्वारा की गई लिखित शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीव्ही का अवलोकन किया और फुटेज लेकर अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है। इसके पहले दुकान के सामने स्थित एक मकान में चोर ने धावा बोला था, लेकिन उसे यहां से कुछ भी हाथ नहीं लगा। छिटपुट चोरियों के बाद बड़े दुकान में चोरी का प्रयास होने से दुकानदार व आसपास के रहवासी सकते में हैं।

Spread the love