दूसरे सांप के काटने से मौत की संभावना, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, गांव में शोक का माहौल
भैयाथान। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसकर में पति-पत्नी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। संभावना दूसरे सांप के काटने से मौत की बनी हुई है। घटना के समय बच्चे अलग कमरे में सो रहे थे। घटना से स्वजन व गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मृतक तुलेश्वर गोंड 40 वर्ष व उसकी पत्नी नीता 38 वर्ष, बीते रात आवारा पशुओं से खेत में लगी फसल को बचाने के लिए रात में खेत गए थे। वापस आने पर उन्होंने एक सांप को घर में घुसे देखा। दोनों मिलकर सांप को मारे और एक कोने में रखकर सो गए। सुबह होने पर जब माता-पिता नहीं उठे तो बच्चे परेशान हो गए, हालांकि तक तक वे होश में थे। चार बच्चों में सबसे बड़े लड़के ने पड़ोस में रहने वाली महिला को इससे अवगत कराया था। पड़ोसी महिला का कहना है कि तुलेश्वर उसको बताया कि शाम को घर में सांप घुस गया था, जिसे मारकर वह कोने में रखा है। इसके बाद वह सो गया, और उठने की इच्छा नहीं हो रही है, कहते हुए अपने भाई को फोन करके बुलाने के लिए कहा था। तुलेश्वर की पत्नी भी भाई को जल्दी बुलाने के लिए कही। तुलेश्वर का भाई आया तो देखा कि दोनों बेसुध थे। एम्बुलेंस से इन्हें दोपहर करीब 12 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान लाया गया, यहां डॉक्टर ने जांच के बाद नीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं तुलेश्वर को प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर सूरजपुर जिला अस्पताल लाया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृत दंपती के चार बच्चे हैं, इनमें से तीन काफी कम उम्र के बताए जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है, कि कमरे में एक और सांप रहा होगा, जिसके डसने से दोनों की मौत हुई है। बहरहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम अग्रिम जांच, विवेचना कार्रवाई करेगी।

Spread the love