अंबिकापुर। लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम से पैसा निकालने के लिए गए ग्रामीण का एटीएम कार्ड बदलकर 33 हजार 500 रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की रिपोर्ट रघुनाथपुर पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक रामसाय नागेश पिता रूपचन्द नागेश 27 वर्ष, निवासी ग्राम बटवाही खोखीपारा 26 अगस्त को अपने एटीएम कार्ड को लेकर रघुनाथपुर बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम में शाम को लगभग 5.50 बजे पैसा निकालने गया था। एटीएम कक्ष के अंदर दो लोग पहले से थे, जो उसे पैसा निकालने के लिए कहे। एटीएम से 6500 रुपये निकालते वक्त वहां मौजूद लोग उसके एटीएम कार्ड का पासवर्ड देख रहे थे। इनकी नियत से अनजान ग्रामीण हड़बड़ी में रुपये निकालने के बाद एटीएम कक्ष से बाहर निकल गया। उसका एटीएम कार्ड कब वे बदल लिए, इसका पता ही नहीं चला। रात लगभग 8.30 बजे उसके मोबाइल फोन में दो बार में 10-10 हजार रुपये और 5-5 हजार रुपये, 3500 रुपये, कुल 33 हजार 500 रुपये खाता से निकलने का मैसेज आया, तब उसको पता चला कि एटीएम कक्ष में मौजूद लोगों ने उसके साथ छल किया है। इसके बाद वह अपने बचत खाता का बैलेंस चेक किया, तो खाता से 33 हजार 500 रुपये कटने के बाद 29 हजार 900 रुपये शेष था, जिसे वह दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। बैंक जाकर जब वह अपने खाते का स्टेटमेन्ट निकलवाया, तो एटीएम से रुपये निकालने की जानकारी दी गई। रिपोर्ट पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करते हुए एटीएम कक्ष के सीसीटीव्ही फुटेज को खंगाल रही है। घटना को शाम 5.40 बजे से रात्रि 8 बजे के बीच की है।

Spread the love