चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल, हाथ घड़ी, 5000 रुपये, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जप्त
अंबिकापुर। लखनपुर थाना पुलिस टीम ने दुकान से नकदी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल एवं चोरी की रकम से खरीदा एक नग मोबाइल, 01 नग हाथ घड़ी बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी अपराधिक प्रकरण दर्ज हंै, जो आदतन आपराधिक किस्म के हैं।
जानकारी के मुताबिक एनएच 130 में मुख्य मार्ग पर वन विभाग के कार्यालय के सामने हार्डवेयर का दुकान संचालन करने वाले उद्यांशु अग्रवाल ने लखनपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह हार्डवेयर दुकान का संचालन करता है, और दुकान के ऊपर दूसरे तल पर अपने माता-पिता के साथ रहता है। 15 अगस्त को रात लगभग 8.45 बजे वह दुकान का शटर गिराकर बस स्टैण्ड तरफ गया था। मां अनिता अग्रवाल रात लगभग 9.17 बजे घर के दूसरे मंजिल के रेलिंग से दुकान तरफ देखी तो अज्ञात लड़का दुकान के गल्ला के पास कुर्सी में बैठा हुआ था, जिसे कौन हो, क्या कर रहे हो कहते हुए नीचे आई तो वह भाग गया। शटर नीचे से लगभग 2 फिट खुला हुआ था, और गल्ला में चाबी लगा था। गल्ला खोलने पर 300 रुपये शेष मिला। इसकी जानकारी वह फोन करके अपने पुत्र उद्यांशु और पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राकेश अग्रवाल को दी। दुकान संचालक ने गल्ला को देखा तो उसमें रखा 500-500 रुपये के नोट, कुल 2,48,500 रुपये नहीं था। रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में धारा 331(4), 305(ए), 3(5), 112(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके सीसीटीव्ही के फुटेज का अवलोकन किया और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी पुनीत यादव उर्फ छोटू पिता स्व. लाल राम यादव 19 वर्ष निवासी केवरापारा तहसीलपारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना तिथि को अपने साथी साकिब खान उर्फ सोनी के साथ मिलकर रुपये चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने साकिब खान उर्फ सोनी पिता महबूब खान 24 वर्ष निवासी पठानपुरा थाना लखनपुर को कब्जे में लिया और पूछताछ की तो वह भी वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के रकम से खरीदा गया एक वन प्लस मोबाइल फोन, एक हाथ घड़ी व शेष नकदी रकम 5000 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यू 0185 बरामद किया है। आरोपीगण आदतन अपराधी किस्म के युवक हैं। इनके विरूद्ध पूर्व में भी प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सिदयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, पीताम्बर सिंह, आरक्षक राकेश एक्का, रामजीत खलखो, जगेश्वर बघेल, असलम अंसारी सक्रिय रहे।

Spread the love