अंबिकापुर। पड़ोसी की सजगता से छात्रावास में घुसकर चोरी का प्रयास कर रहे युवक को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए स्कूटी से मौके पर पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक मूलत: दुर्ग जिला निवासी अकरम खान पिता कलाम खान 36 साल वर्तमान में शासकीय लाईवलीहुड कॉलेज अंबिकापुर में सहायक परियोजना अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं, शिवधारी कॉलोनी में उनका निवास है। लाईवलीहुड कॉलेज के बालिका छात्रावास में छात्राओं के नहीं होने के कारण यहां ताला बंद है। 24 अगस्त को दोपहर करीब 3.55 बजे छात्रावास के बगल में रहने वाले लोगों ने फोन करके अकरम खान को बताया कि लाईवलीहुड कॉलेज के बालिका छात्रावास का ताला तोड़कर कोई व्यक्ति अंदर घुसा है। इसकी जानकारी उन्होंने बालक छात्रावास के स्टॉफ एवं छात्रों को देकर मौके पर पहुंचने के लिए कहा और वे स्वयं मौके पर पहुंचे, तो बाहर मेन गेट का ताला लगा था। छात्रावास का बांउड्रीवॉल पार करके अंदर घुसे तो पीछे तरफ किचन के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर रूम का ताला भी टूटा हुआ मिला और एक व्यक्ति छात्रावास का पंखा व एल्युमुनियम फ्रेम निकाल कर ले जाने की तैयारी कर रहा था, जिसे उन्होंने पकड़ लिया। पूछताछ में वह अपना नाम अभिषेक सोनी पिता जवाहर सोनी निवासी सत्तीपारा बताया, जो बिना नम्बर प्लेट की लाल रंग की अपनी एक्टिवा स्कूटी को छात्रावास के आहता के बगल में खड़ा किया था। घटना से पुलिस को अवगत कराने के बाद उक्त युवक को गांधीनगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Spread the love