पिकअप में लोड आधा दर्जन बकरा-बकरी की भी हादसे में मौत
लखनपुर। थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 में स्थित जूनाडीह राइस मिल के सामने, 13 अगस्त बुधवार की सुबह लगभग 7.30 बजे बकरी-बकरा लोड पिकअप वाहन और मिनी ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पिकअप मिनी ट्रक में जाकर फंस गया और पिकअप का चालक भी गाड़ी के अंदर फंसा रहा। पुलिस और डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप चालक को बाहर निकाल कर एंबुलेंस से लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र रवाना की। हादसे में आधा दर्जन बकरी-बकरा की भी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 44 बीटी 8549 में उत्तर प्रदेश के फैजाबाद से बकरी-बकरा लोड करके चालक रायपुर जा रहा था। जैसे ही वाहन जूनाडीह राइस मिल के सामने पहुंची, रायपुर से तिल का तेल लेकर बनारस जा रहे मिनी ट्रक क्रमांक यूपी 72 सीटी 4807 से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद पिकअप वाहन मिनी ट्रक में फंस गया, जिससे चालक वाहन में फंसा रह गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक मोहम्मद इसरार पिता बरकत अली उम्र 47 वर्ष सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। दूसरे घायल का नाम असलम बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love