15 अगस्त को पुन: मारने की मिली धमकी से भयभीत स्वजन, केस दर्ज
अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में व्याख्याता के साथ गालीगलौज और उनके पुत्र को बोलेरो वाहन से उतारकर मोटरसायकल में सवार युवकों के द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है।
व्याख्याता दामोदर प्रसाद सिंह ने पुलिस को बताया है कि उनका लड़का आर्यन सिंह कक्षा 11वीं में अध्ययनरत है। 29 जुलाई को वे अपने पुत्र के साथ शाम 4.20 बजे अपनी बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 14 सी 0556 में सीतापुर में स्थित किराए के मकान से वापस आ रहे थे, इसी दौरान ग्राम राजापुर विद्यालय कैंपस के बाहर स्कूल पहुंच मार्ग में समीर खान निवासी पेंट, तबरीज खान निवासी केसला, छोटू पठान निवासी मोमिनपुरा अंबिकापुर व अन्य अनजान मोटरसायकल सवार उनका रास्ता रोक दिए और उनके लड़के आर्यन सिंह को गाड़ी से नीचे उतारकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। जब वे बोलेरो को बंद करके नीचे उतरकर बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े तो गाली देते हुए उन्हें बीच में नहीं आने कहा गया और जान से मार देने की धमकी दी। घटना के समय स्कूल की शिक्षिकाएं व विद्यालय के कई छात्र आ गए, इसके बाद सभी अपने-अपने मोटरसायकल में यह धमकी देते हुए चले गए कि तुम दोनों को बाद में देखेंगे। रिपोर्ट में व्याख्याता ने बताया है कि समीर खान उनके लड़के के मोबाइल पर घटना के पूर्व लगातार मारपीट करने की धमकी दे रहा था। इनके द्वारा पुन: 15 अगस्त के दिन मारपीट करने की धमकी दी गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love