महिला किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ने की पहल

सूरजपुर

कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों एवं आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कार्यालय उप संचालक कृषि, सूरजपुर के सभाकक्ष में कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र, अजिरमा, अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही महिला किसानों को खेती के साथ अतिरिक्त आय के साधन विकसित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।सहायक संचालक कृषि आर.एल. भारिया ने कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कृषि आधारित लघु उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं एग्रीस्टैक पंजीयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।सहायक संचालक कृषि डॉ. तेजराम बंजारा ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के साथ जैविक खेती में बीजामृत एवं जीवामृत तैयार करने तथा उनके उपयोग की विधियों से किसानों को अवगत कराया।कृषि विज्ञान केंद्र, अजिरमा के कृषि वैज्ञानिक पांडुराम पैकरा ने महिला किसानों को कृषि में तकनीकी नवाचार, पोषण वाटिका, सब्जी उत्पादन, जैविक खाद के उपयोग एवं फसल विविधीकरण की जानकारी दी। उन्होंने ऑयस्टर एवं बटन मशरूम उत्पादन की तकनीकों तथा कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही महिला किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के प्रक्षेत्र भ्रमण के लिए आमंत्रित किया।


इस दौरान लीलाधर साहू एवं डॉ. विवेक कुमार शांडिल्य ने उन्नत बीज चयन, बुवाई, रोपाई, खरपतवार नियंत्रण एवं फसल कटाई की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालन, उद्यानिकी एवं औषधीय पौधों की खेती में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।


स्वीट कॉर्न की खेती का प्रक्षेत्र भ्रमण, महिला किसानों ने जानी उत्पादन की तकनीक
कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा के पश्चात कृषि विभाग की आत्मा योजना एवं कृषि विज्ञान केंद्र, अंबिकापुर के संयुक्त प्रयास से महिला किसानों को विकासखंड सूरजपुर के ग्राम झांसी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रक्षेत्र में उत्पादित स्वीट कॉर्न ( मक्का) के प्रदर्शन का अवलोकन कराया गया।इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने स्वीट कॉर्न की खेती एवं उत्पादन संबंधी तकनीकी जानकारी,प्रदान करते हुए महिला किसानों को इसकी खेती अपनाने तथा कृषि से आय के अतिरिक्त अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Spread the love