गौरेला एवं पेंड्रा में दूध, शक्कर, साबूदाना और सूजी के नमूने जांच के लिए एकत्रित


  गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,


कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में नवरात्रि पर्व एवं त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बुधवार को अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में गौरेला एवं पेंड्रा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। 


        खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गौरेला एवं पेंड्रा में दूध विक्रेताओं से दूध के नमूने एकत्रित किए। इसके अतिरिक्त शक्कर, साबूदाना एवं सूजी के नमूने भी गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं विक्रय में स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक पंजीयन कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।


       जिला प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच एवं निगरानी की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता एवं उपयोग की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Spread the love