दुर्ग,
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय साहू के मार्गदर्शन में सेक्टर जेवरा के ग्राम चिखली में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति जितेंद्र यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच ललित ठाकुर, उपसरपंच नोमेश साहू, जेवरा भाजपा मंडल से सचिन राजपूत, पंच वंदना वर्मा, शकुंतला सोनी, रंजना भारती सहित स्वास्थ्य विभाग के आरसीओ, एचआरओ एवं आहार विशेषज्ञ निशा शर्मा उपस्थित रहीं।मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति जितेंद्र यादव ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही दुर्ग ग्रामीण परियोजना अधिकारी एवं विभागीय अमले द्वारा किए जा रहे कार्यों की विशेष सराहना की। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। महिलाओं और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली, व्यंजन, कुर्सी दौड़ एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पौष्टिक थाली प्रदर्शन तथा बच्चों द्वारा गीत, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों के समुचित विकास के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कुपोषण दूर करने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, बच्चे एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love