मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए जारी किया ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्टÓ

अंबिकापुर। सोमवार को शाम करीब 6 बजे एक साथ लाखों लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक तेज और असामान्य चेतावनी की टोन सुनाई दी। कुछ क्षण के लिए लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। कई लोगों ने तुरंत अपना मोबाइल देखा तो स्क्रीन पर ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्टÓ अर्थात ‘अत्यंत गंभीर चेतावनीÓ का संदेश दिखाई दिया। अचानक आए अलर्ट ने उत्सुकता के साथ लोगों की चिंता भी बढ़ा दी। यह अलर्ट आपदा प्रबंधन की ओर से संभावित खराब मौसम को लेकर जारी किया गया है। संदेश में अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने की आशंका जताई गई है। यह संदेश सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के माध्यम से भेजा गया है। आपदा या गंभीर मौसम की स्थिति में सरकार और मौसम विभाग बिना किसी मोबाइल नंबर के सीधे प्रभावित क्षेत्र के सभी मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश भेजता है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बलोदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले इस चेतावनी के दायरे में हैं। इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर तेज गरज-चमक, बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें। अत्यावश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।

Spread the love