भैयाथान। जनपद पंचायत परिसर के पास स्थित पानी टंकी अब लोगों के लिए खतरे का कारण बन गई है। वर्ष 2005-06 में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इस टंकी का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के कारण टंकी में आज तक एक बार भी पानी का भंडारण नहीं किया जा सका।
करीब दो दशक से उपयोगहीन यह पानी टंकी अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। टंकी में जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं और स्थिति ऐसी है कि वह कभी भी भरभराकर गिर सकती है। चूंकि यह टंकी जनपद पंचायत परिसर के समीप स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक आते-जाते हैं, इसलिए किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पीएचई विभाग से टंकी का तकनीकी परीक्षण कराकर असुरक्षित होने की स्थिति में तत्काल हटाने की मांग की है।
पीएचई विभाग के एसडीओ डी.के. जैन ने बताया कि उक्त पानी टंकी से वर्तमान में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। टंकी जर्जर स्थिति में है, इसलिए पहले उसका तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि टंकी को उपयोग में लाया जा सकता है या उसे डिस्मेंटल किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love