एमएसएसव्हीपी टीम की पहल से चुनौतियों का सामना करते मिला बेहतर मुकाम

अंबिकापुर। एमएसएसव्हीपी ने सूरजपुर जिला के पहाड़गांव निवासी भूमिहीन मजदूर परिवार के राजू की तकदीर बदल दी। बुजुर्ग दादा-दादी के साथ रहकर मजदूरी करने वाले राजू को गांव में काम नहीं मिलने पर दूसरे जगह मजदूरी के लिए जाना पड़ता था, जिसमें कई प्रकार की समस्याएं आड़े आती थीं। मजदूरी करने के लिए कहीं दूर जाना हो, तो आने-जाने का साधन उसे नहीं मिल पाता था। कई बार ऐसे हालातों के बीच परिवार की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा कर पाना भी मुश्किल होता था, कारण आमदनी बहुत कम और खर्चा अधिक था। एक तरह से कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करते हुए वह जीवन से संघर्ष कर रहा था।
इसी क्रम में सूरजपुर जिला के पहाड़गांव, पण्डोनगर में जलग्रहण परियोजना का काम शुरू हुआ, जिससे गांव के मजदूर, किसानों को काफी मदद मिलने लगी। यहां के ऐसे मजदूर और किसान जो मजदूरी करने के लिए दूर-दूर जाया करते थे, उन्हें इस परियोजना के शुरू होने पर गांव में ही रोजगार मिलने लगा। राजू भी जलग्रहण परियोजना अंतर्गत मेड़बंधी एवं अन्य काम में लग गया। गांव में ही मजदूरी का अवसर मिलने के कारण उसे अधिक दूरी भी तय नहीं करनी पड़ती थी। कुल मिलाकर नावार्ड जलग्रहण परियोजना गांव के कई लोगों के जीविकापार्जन का जरिया बन गया था। राजू का पूरा परिवार इस कारोबार से काफी खुश है। इन्होंने नाबार्ड जलग्रहण परियोजना और एमएसएसव्हीपी का घर तक खुशहाली लाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
आजीविका उपार्जन का ऐसे निकला रास्ता
पहाड़गांव, पण्डोनगर में कार्य कराने वाले एमएसएसव्हीपी के तकनीकी सहायक एवं समिति ने राजू का चयन आजीविका उपार्जन के साधन के रूप में टेन्ट हाउस के लिए किया। इसके बाद जलग्रहण परियोजना के तहत राजू को टेन्ट हाउस के सामानों का वितरण किया गया, ताकि वह अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सके। टेन्ट हाउस का सामान मिलने के बाद उसे जल्द ही बुकिंग मिलनी शुरू हो गई, और उसकी जीवनशैली बदल गई। टेन्ट हाउस की बुकिंग के लिए सिर्फ पहाड़गांव नहीं बल्कि दूसरे गांवों से मांग आनी शुरू हो गई। टेन्ट हाउस का सामान जगह-जगह जाने से राजू को प्रति बुकिंग में 10 से 15 हजार रुपये की आय होने लगी, जिससे उसके आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है। मजदूरी के लिए भटकने वाला राजू अब टेन्ट हाउस का संचालक है, अब उसके जीवनशैली में काफी बदलाव आ गया है। आर्थिक स्थिति में बहुत अच्छा सुधार हुआ है।

Spread the love