अंबिकापुर। रायपुर स्थित कृष्णा विकास ग्लोबल स्कूल में आयोजित 20वें सीनियर राष्ट्रीय वुडबॉल चैंपियनशिप 2026 में सरगुजा जिले के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करके राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में देशभर की कुल 24 टीमों ने भाग लिया।
सरगुजा वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए। सीनियर गर्ल्स स्ट्रोक इवेंट में साक्षी कुमारी, सुरभि शर्मा, श्रीजल जायसवाल एवं अनु जायसवाल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। वहीं सीनियर बॉयज डबल्स इवेंट में आकाश दुबे ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। इसके अलावा संदीप सिंहा एवं राजपाल कुजूर ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सरगुजा जिले से रजत सिंह, अभिजीत झा, प्रिया जायसवाल एवं खुशबू गुप्ता ने निर्णायक (रेफरी) के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। राष्ट्रीय स्तर पर सफलतापूर्वक निर्णायक की भूमिका निभाने पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि, सरगुजा जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। यह जिले के खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। साथ ही सरगुजा जिले के निर्णायकों ने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सफलतापूर्वक सेवाएं प्रदान कीं, जो जिले के खेल विकास के लिए गौरव की बात है। विजेता खिलाड़ियों को पूर्व खिलाड़ी, समाजसेवी संजय अग्रवाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निशांत सिंह गोल्डी, सौरभ सिंहा, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता समेत सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ एवं सरगुजा वुडबॉल संघ के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Spread the love