अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत एक महिला ने हनी ट्रैप के तर्ज पर एक व्यक्ति को अपने किराए के मकान में बुलाया और शराब पिलाने के बाद कुछ वीडियो बना ली। इसके बाद तुम्हारे बच्चे की मां बनने वाली हूं, कहते हुए रिपोर्ट करने की धमकी देकर तीन लाख रुपये बटोर लिए। मां-बेटी के करतूतों की सच्चाई सामने आने के बाद कॉलरी कर्मी पुलिस के शरण में पहुंचा। रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
एसईसीएल भटगांव में पदस्थ कॉलरी कर्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि, सूरजपुर जिले की एक महिला 22 फरवरी 2026 को मोबाइल में कॉल करके उसे अपने किराए के मकान सूरजपुर में बुलाई और जबरन शराब पिलाकर कुछ फोटो, वीडियो बना ली। कुछ दिनों बाद वह लगातार उसे फोन करके कहने लगी कि मैं तुम्हारे बच्चे की मां बनने वाली हूं। कई बार फोन करने के पीछे उसका उद्देश्य पैसा वसूलना था। जब वह इनके बारे में जानकारी हासिल किया तो पता चला कि, उसकी मां भी कई लोगों को हनी ट्रैप के तर्ज पर फंसाकर कमाई कर चुकी है, और अपनी 35 वर्षीय विवाहित पुत्री, जो दो बच्चों की मां है, उससे भी ऐसा ही कृत्य करवा रही है। लोक-लाज के भय से पहले तो कॉलरी कर्मी चुप्पी साधे रहा, बाद में सच्चाई का पता चलने पर और लोग ऐसे कृत्यों का शिकार न होने पाएं, इस उद्देश्य से सामान्य लोगों को फंसाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और पैसों की उगाही करने का गोरखधंधा करने की जानकारी पुलिस को दिया है। कॉलरी कर्मी ने कहा है कि आरोपों की सत्यता को सामने लाने के लिए वह अपना डीएनए टेस्ट कराने के लिए भी तैयार है। मामले में पुलिस ने मां-बेटी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 3(5), 308(2), 308(6), 351(3) का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love