मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक में कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की जिला पदाधिकारी बैठक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और यह केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक सक्रिय प्रवास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करना चाहिए। साथ ही पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय सिंह एवं भानुप्रकाश दीक्षित द्वारा किया। बैठक दौरान सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, बलवंत सिंह, संजय सिंह, भानुप्रकाश दीक्षित, जिला कार्यालय मंत्री अजय गुप्ता, भाजपा जिला कार्यालय सह मंत्री मुकेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव, जिला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव सहित अन्य उपस्थित थे। बैठक के पश्चात भाजपा जिला कार्यालय बलरामपुर में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।

Spread the love