स्वजनों ने हामी भरी तो 40 फिट की ऊंचाई से उतरा, 4 घंटे से परेशान पुलिस की गिरफ्तार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाने से करीब 200 मीटर दूर एक युवक अपनी पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद्द पर मोबाइल टॉवर में चढ़ गया, और 4 घंटे तक टॉवर में ही बैठे रहा। युवक का कहना था कि अगर उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई तो वह टॉवर से नीचे कूद जाएगा। युवक के द्वारा दी जा रही धमकी के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आंखों के सामने फिल्म शोले का परिदृश्य घूम गया, लेकिन इस मामले में लड़की उक्त युवक से शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। युवती की ओर से युवक के विरूद्ध आए दिन बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ जैसी रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई गई थी। युवक सुरक्षित नीचे उतरे, इसके लिए पसंद की युवती से शादी कराने का प्रलोभन उसी के स्वजन दिए, और जैसे ही वह टॉवर से नीचे उतरा, घंटों परेशान रही पुलिस उसे हिरासत में ले ली। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के छीरोपारा का योगेश यादव (27 वर्ष) मंगलवार की सुबह मोबाइल टॉवर में करीब 40 फीट की ऊंचाई पर जाकर बैठ गया और कहा कि अगर उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई तो वह टॉवर से कूद जाएगा। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्वजन और पुलिस कर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टॉवर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। सभी की ऊपर ताकते गर्दन दुख रही थी और युवक की हरकत पर गुस्सा भी आ रहा था, लेकिन किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसे देखते हुए सभी उससे नीचे उतरने के लिए मान-मनौव्वल करने में लगे थे। करीब 4 घंटे हो चुके थे, युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। करीब 4 घंटे बाद स्वजन ने जब पसंद की लड़की से शादी कराने सहमति जताई, तो युवक खुद ही टॉवर से नीचे उतरकर आ गया। बताया जा रहा है कि युवक का एक युवती से कथित रूप से प्रेम संबंध था। युवक पहले भी उससे शादी करने की जिद अपने स्वजन के समक्ष कर चुका था। इधर युवती के इन्कार करने से नाराज युवक टॉवर पर चढ़ गया, जिससे टॉवर के आसपास लोगों का मजमा जमा हो गया।
बयान
टॉवर में चढ़े युवक के खिलाफ थाने में बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। युवक को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया है।
प्रदीप जायसवाल, थाना प्रभारी लुण्ड्रा

Spread the love