कुसमी। बलरामपुर जिला के कुसमी थाना अंतर्गत अवैध पत्थर लोड ट्रेक्टर को वन अधिकारी के द्वारा जब्त करके लाते समय वाहन मालिक के द्वारा रोककर चालक को भगा देने और वन विभाग के चालक के साथ गालीगलौज, मारपीट करके सड़क पर पत्थर गिरवा देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस मामले में केस दर्ज करके अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
वन विभाग में वाहन चालक के पद पर पदस्थ सुमन तिर्की पिता स्व. गोपाल राम 45 वर्ष ने कुसमी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 19 मार्व को अवैध पत्थर तस्करी की सूचना पर ग्राम गजाधरपुर की ओर एसडीओ मणिकांत वर्मा के साथ वह गया था। इस दौरान वन परिक्षेत्र कुसमी के बीट कुसमी, कक्ष क्रमांक पी-3033 में हरिगोविन्द के ट्रेक्टर से अवैध पत्थर का परिवहन करना पाया गया। एसडीओ वन ने मौके पर ट्रेक्टर को जप्त कर लिया और विभागीच चालक को उन्होंने ट्रेक्टर में बैठकर साथ में कार्यालय परिसर में आने के लिए कहा। आगे-आगे शासकीय वाहन क्रमांक सीजी 02 एयू 2175 में एसडीओ जा रहे थे। आरोप है कि रास्तेे में एक क्रशर के पास मुख्य मार्ग में शाम करीब 6 बजे ट्रेक्टर मालिक हरिगोविंद ट्रेक्टर को रोका और अपने ड्राइवर को भगाकर ट्रेक्टर में लोड पत्थर को हाइड्रोलिक चालू करके सड़क में गिरा दिया, और एसडीओ के निर्देशन में ट्रेक्टर में बैठकर आ रहे वन विभाग के चालक सुमन तिर्की से गालीगलौज करते हुए कालर पकड़ कर उतार दिया और भाग जाने के लिए कहा। इस दौरान आगे-आगे शासकीय वाहन में जा रहे एसडीओ ने गाड़ी रोक कर बीच-बचाव किया, जिस पर उत्तेजित होकर देख लेने की धमकी देते हुए ट्रेक्टर स्वामी ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love