अंबिकापुर। ईद-उल-फितर के मौके पर शनिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की। नमाजियों ने मुल्क में अमन और खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद घर-परिवार के बीच ईद की खुशियां मनाई। मीठी सेवई खाकर और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
मुस्लिम समाज के पवित्र माह रमजान में इस बार एक माह से अधिक समाज के लोग रोजा रखने के साथ ही इबादत में मशगूल रहे। शनिवार को सदर रोड स्थित जामा मस्जिद में सुबह 9.30 बजे, तकिया मजार स्थित मस्जिद में सुबह 8.30 बजे नमाज अता की गई। ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए अंजुमन कमेटी के द्वारा भव्य तैयारियां की गई थी। केंद्रीय जेल में 130 बंदियों ने पूरे रमजान माह में रोजा रखा। शनिवार को सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे सभी ने ईद की दो रकत नमाज पेश इमाम के मौजूदगी में अता करके किए गए गुनाहों के लिए माफी मांगी और भाईचारा, खुशहाली का पैगाम दिया। इस दौरान बंदियों के लिए जेल प्रबंधन की ओर से स्पेशल डाइट की व्यवस्था की गई थी। रमजान में तरावीह की नमाज के साथ ही दावते इफ्तार का आयोजन किया गया। समाज के लोगों द्वारा ईद को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की गई थी। घरों की साफ-सफाई के साथ ही जमकर खरीददारी की गई। ईद की नमाज को लेकर सुबह से ही समाज के लोग ईदगाह व मस्जिदों की तरफ रवाना होने लगे थे। ईदगाह में सुबह 9 बजे ईद की नमाज अता की गई। इस दौरान हाफिज व कारी असीमुद्दीन रिजवी ने नमाज पढ़ाकर समाज के लोगों को ईद के मौके पर गिले-शिकवे मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाने की सीख दी, और मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की। ईद के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। समाज के लोगों ने सभी वर्ग के लोगों को गले लगकर ईद की बधाई दी। ईद की नमाज को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा भी ईदगाह व मस्जिदों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी, जावेद खान, रिजवान सिद्दीकी, परवेज आलम गांधी, अनिक खान, बंटी, सिकंदर खान, याकूब खान, गुलाम हैदर, जलील सिद्दीकी, शकील अंसारी, रेयाज अंसारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। बच्चे, बुजुर्ग सभी ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दी ईद और नवरात्रि पर्व की बधाई
ईद के मौके पर शहर के इंद्रवाटिका में हर वर्ष की भांति ईद मिलन का आयोजन निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के द्वारा किया गया। ईद मिलन समारोह में सभी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। समारोह में प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस राकेश गुप्ता, अनूप मेहता, पार्षद हसन खान, मेराज गुड्डू, दीपक मिश्रा सहित काफी संख्या में गणमान्यजन शामिल हुए। सभी ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद व नवरात्रि पर्व की बधाई दी।
बाक्स

Spread the love