अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में मंगलवार की रात जमकर ओले गिरे। करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि से सड़क से लेकर मैदानों तक और घर की छतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। सीतापुर और आसपास के इलाकों में छिटपुट ओले गिरे, बारिश हुई। आगामी तीन दिनों तक सरगुजा संभाग में बारिश और ओले गिरने का पूर्वानुमान है। लगातार बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।
बता दें कि सरगुजा संभाग में पिछले दो दिनों से घने बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है। सोमवार को सूरजपुर और सरगुजा के उदयपुर इलाके में जमकर बारिश हुई। बलरामपुर के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई। सरगुजा के उदयपुर इलाके में छिटपुट ओले भी गिरे थे। मंगलवार दिन में भी सरगुजा संभाग में कई स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई। मौसम में बदलाव के साथ मैनपाट में मंगलवार को देर शाम से तेज हवाएं चल रही थीं और बूंदाबांदी हो रही थी। रात करीब पौने 11 बजे मौसम एकाएक बिगड़ा और तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। करीब 20 मिनट तक हुई ओलावृष्टि में मैनपाट के सड़क, खेत ओलों से ढंक गए। ओलों की सफेद चादर मैनपाट के कई इलाकों में दिखी। हालांकि देर रात होने के कारण लोग घरों में ही रहे। पूरे संभाग में बादल छाए हुए हैं। हालांकि सुबह से लेकर दोपहर तक अधिकांश इलाकों में तेज धूप रही। शाम को मौसम में बदलाव देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि सरगुजा में 3 नवंबर के बाद बारिश दर्ज नहीं हुई थी। मौसम में बदलाव के साथ बारिश हो रही है। जिन इलाकों में ओले गिरे हैं, वहां आम, लीची और महुआ की फसल बर्बाद हो गई है। आम बौरों से लदे हुए हैं और अंबिया आ रही हैं। महुआ गिरने लगा है। मौसम की मार का सीधा असर महुआ, आम और लीची की फसल पर पड़ेगा। इसके अलावे किसानों के टमाटर की खेती को भी ओलों से नुकसान हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन तक सरगुजा संभाग में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकांश इलाकों में बारिश और कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। 

Spread the love