अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल, रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकण्डरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा-2026 के अंतर्गत सोमवार को हिन्दी विषय की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। जिले के निर्धारित 10 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उड़नदस्ता टीम ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लहपटरा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतौली तथा शासकीय नगर पालिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1224, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए 02 परीक्षार्थी पकड़े गए। इन परीक्षार्थियों (अनुक्रमांक 21224260130 एवं 21224260005) के विरुद्ध नियमानुसार नकल प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित पाई गई। हिन्दी विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 1769 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1668 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, 101 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा आगामी परीक्षाओं को भी निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है।
बाक्स
कक्षा 5वीं गणित की वार्षिक परीक्षा 1563 केंद्रों में संपन्न
केन्द्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2026 के अंतर्गत सोमवार को कक्षा 5वीं के गणित विषय की परीक्षा जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिले के कुल 1563 परीक्षा केंद्रों में आयोजित इस परीक्षा में प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर गठित विशेष निरीक्षण दलों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। गणित विषय की परीक्षा के लिए कुल 16,665 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 16,607 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, 58 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत संतोषजनक रहा है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

Spread the love