जरही। सूरजपुर जिले के बनारस रोड स्थित सकलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। हादसे में 17 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य नाबालिग भी चोटिल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक (क्रमांक सीजी 15 सीपी 6949,एचएफ डीलक्स) काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर चालक वाहन को संभाल नहीं सका और बाइक सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार दूर जा गिरे। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत मदद शुरू की। हादसे में चालक सोनू अगरिया (17 वर्ष), पिता उकील अगरिया, निवासी बोझा, सबसे ज्यादा घायल हुआ है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसके साथ सवार मनीष अगरिया (15 वर्ष), पिता शिव प्रसाद अगरिया, तथा ओम प्रकाश अगरिया (13 वर्ष), पिता मनोज उर्फ गेंठी, भी घायल हुए हैं। तीनों नाबालिग बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक रजनीश पटेल और दिनेश ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सोनू की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बनारस रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है। कई बार शिकायत के बावजूद स्पीड कंट्रोल के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love