संभागीय संयुक्त संचालक ने बीएमओ एवं बीपीएम के साथ की समीक्षा बैठक

अंबिकापुर। संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा ने जिले के सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं बीपीएम की उपस्थिति में 5 फरवरी को बैठक लेकर जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। जिले के समस्त आरोग्य मंदिर में रिक्त कर्मचारियों का मामला सामने आने पर रिक्तियों को पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उन्होंने जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में आधारबेस उपस्थिति अनिवार्य रूप से पंजीकृत करने और ई-ऑफिस का कार्य अपडेट करने कहा।
संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सभी बीएमओ एवं बीपीएम को अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थाओं का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए, साथ ही धनवंतरी दवाई दुकान का संचालन अस्पताल परिसर में न हो इसका ध्यान रखने के लिए कहा। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव अधिक से अधिक हो इस पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सुरक्षित प्रसव के लिए मैदानी स्तर से मितानिनों के माध्यम से या स्वस्फूर्त आने वाली गर्भवती महिलाओं को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में पदस्थ अनुबंधित चिकित्सक यदि लंबे समय से अनुपस्थित हैं तो उन्हें नोटिस जारी करके उच्च कार्यालय को पत्र प्रेषित किया जाए, ताकि संबंधित के विरूद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा सके। उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनहित योजनाओं का सुचारू रूप से संचालन हो और शत्-प्रतिशत उपलब्धि मिले, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में फाइलेरिया की दवा के सेवन के दिन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शुभारंभ कराने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही नेक्स जेन से संबंधित समस्त कार्य सुचारू रूप से संचालित करने कहा गया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को समस्त राष्ट्रीय कार्यकम का प्रशिक्षण सभी मैदानी कर्मचारियों को देने के निर्देश देते हुए की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर प्रेषित करने के लिए कहा है।

Spread the love