अब 30 नवम्बर तक समितियों में किसान करा सकेंगे संशोधन
अंबिकापुर। खरीफ वर्ष 2025 के लिए किसानों के पंजीयन एवं फसल रकबे में संशोधन की सुविधा अब किसानों को और अधिक समय तक उपलब्ध रहेगी। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन हेतु उपलब्ध प्रावधान को अब 30 नवम्बर तक सभी समितियों में समिति लॉगिन के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस संबंध में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि/उद्यानिकी विभाग, राज्य सहकारी बैंक, मार्कफेड तथा एनआईसी के अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार अब यह सुविधा 30.11.2025 तक सभी प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों में समिति लॉगिन पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसान अपने पंजीयन, फसल रकबे में संशोधन तथा आवश्यक जानकारी अपडेट कर सकेंगे। शासन ने संबंधित सभी विभागों एवं संस्थाओं को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों, समितियों एवं कर्मचारियों को इस संबंध में अवगत कराएं, जिससे किसानों को समय पर जानकारी प्राप्त हो सके और कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।
निर्देशानुसार उपलब्ध कराए गए प्रावधान
समिति लॉगिन में कृषक एवं संस्थागत, कृषक नवीन पंजीयन,नॉमिनी संशोधन, रकबा/फसल संशोधन की सुविधाएं उपलब्ध है। तहसील लॉगिन में संस्थागत नवीन पंजीयन, रेगहा/अधिया पंजीयन, संयुक्त पंजीयन, डुबान पंजीयन, कृषक एवं संस्थागत निरस्तीकरण की सुविधा उपलब्ध है। सभी सुविधाएं 30 नवम्बर तक उपलब्ध रहने से किसानों को पंजीयन एवं संशोधन प्रक्रिया के निर्णय से जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों को खरीफ सत्र की तैयारी में सुविधा होगी।

Spread the love